बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के साथ निकली जागरूकता रथ यात्रा
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस की पूर्व संध्या पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज को इस गंभीर समस्या के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सागर में भव्य जागरूकता रथ यात्रा निकाली गई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर 80 ऑटो की रैली के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बाल विवाह उन्मूलन का संदेश दिया गया।
रथ यात्रा तिली तिगड्डा से प्रारंभ होकर तहसीली, गोपालगंज, बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई चकराघाट पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। रैली के माध्यम से नागरिकों, अभिभावकों और युवाओं को बाल विवाह रोकने, बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।
इस आयोजन का संचालन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन एवं कृषक सहयोग संस्थान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, बाल अधिकारों से जुड़े प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।
बाल विवाह बच्चों के सपनों, शिक्षा और अधिकारों पर कुठाराघात :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, उनके सपनों और उज्ज्वल भविष्य के साथ अन्याय है। बाल विवाह बच्चों के बचपन को छीन लेता है और उनके शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास तथा आत्मनिर्भर बनने की संभावनाओं को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को पढ़ने, आगे बढ़ने, अपने सपनों को पूरा करने और जीवन में अपनी पहचान बनाने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह के कारण बच्चों, विशेषकर बालिकाओं, की शिक्षा बाधित होती है, उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है और कम उम्र में उनके ऊपर ऐसी जिम्मेदारियां डाल दी जाती हैं, जिनके लिए वे तैयार नहीं होते।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि बाल विवाह को रोकना केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, समाज, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यदि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलती है, तो लोगों को जागरूक होकर आगे आना चाहिए और संबंधित अधिकारियों तक सूचना पहुंचाकर बच्चों के भविष्य की रक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण, बाल अधिकारों, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को प्राथमिकता दी जा रही है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना विकसित भारत की नींव है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनें और समाज में ऐसी जागरूकता पैदा करें कि कम उम्र में विवाह को स्वीकार करने के बजाय बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और भविष्य को प्राथमिकता दी जाए।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य ओंकार सिंह ने बाल अधिकार संरक्षण को सामाजिक आंदोलन बनाने का आह्वान किया। वहीं बालकल्याण समिति अध्यक्ष किरण शर्मा ने कहा कि भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह से मुक्त बनाने का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझे। किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य चंद्रप्रकाश शुक्ला ने कहा कि बच्चों को बचपन, युवाओं को अवसर और हर बेटी-बेटे को अपने सपनों के अनुसार जीवन गढ़ने का अधिकार मिलना चाहिए।
बाल विवाह उन्मूलन के लिए आयोजित जागरूकता रथ यात्रा ने सागर शहर में यह संदेश दिया कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत जनभागीदारी से होती है। जब नागरिक एकजुट होकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आते हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन की राह मजबूत होती है।
जागरूकता रथ यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता, अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।