भोपाल। ग्यारह दिनों तक मध्य प्रदेश के एक छोर बालाघाट से प्रारंभ होकर सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम और सीहोर जिलों के विभिन्न शहरों, कस्बों और समुदायों के बीच समान शिक्षा का विचार लेकर चली समान शिक्षा जन यात्रा 25 नवंबर को भोपाल में संपन्न होगी। इस अवसर पर शासकीय विद्यालयों में समान उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, सुविधाएँ और अवसर सुनिश्चित करने कऔर सार्वजनिक शिक्षा के प्रयास में जनता और शासन की सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ प्रस्तुत किया जाएगा।
समान शिक्षा जन यात्रा की विशेषता यह है कि यह किसी विरोध प्रदर्शन, राजनीतिक अभियान अथवा सरकार से मांगपत्र प्रस्तुत करने के लिए आयोजित यात्रा नहीं है। इसका मूल उद्देश्य शिक्षा के सवाल पर समाज को सक्रिय करना, अभिभावकों और समुदाय को सरकारी स्कूलों से जोड़ना तथा यह विचार स्थापित करना है कि सार्वजनिक शिक्षा को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार और शिक्षकों की ही नहीं, बल्कि समाज की भी है।
इस यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों, पेशों, सामाजिक अनुभवों और विचारों से जुड़े प्रमुख पदयात्री शामिल हैं। मध्य प्रदेश कैडर के युवा पूर्व आईएएस अधिकारी और राष्ट्रीय समान शिक्षा जन समिति के संयोजक समान शेखर (बी. चंद्रशेखर) भी प्रमुख पदयात्रियों में शामिल हैं, जिनके लिए समान शिक्षा सामाजिक न्याय और अवसरों की समानता का महत्वपूर्ण आधार है। विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए पदयात्रियों का साझा सूत्र समान शिक्षा का विचार है कि हर बच्चे को उसकी सामाजिक, आर्थिक अथवा पारिवारिक पृष्ठभूमि से परे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
समान शिक्षा जन समिति, भोपाल के सदस्य और समान शिक्षा प्रेरक कल्पना वैद्य और हेमंत आर्य ने बताया कि जनयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षा से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया गया। इन संवादों से प्राप्त अनुभवों, सुझावों और विचारों को समेकित कर ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ तैयार किया गया है। यह जनसंकल्प सार्वजनिक शिक्षा को मजबूत करने और समाज की सक्रिय भागीदारी के लिए साझा दिशा प्रस्तुत करेगा।
25 नवंबर को सुबह 10:30 बजे पदयात्री भोपाल जिले के चिन्हित शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों और पालकों के साथ संवाद करेंगे। दोपहर 3 बजे बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान से जन यात्रा प्रारंभ होकर भोपाल के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः इसी स्थान पर पहुंचेगी। शाम 5 बजे यात्रा के अनुभव, जन संवादों से सामने आए विचार और ‘समान शिक्षा जनसंकल्प’ प्रस्तुत किया जाएगा।
समान शिक्षा जन समिति की सदस्य सिन्धु वाडिवा ने बताया - समिति का मानना है कि सरकारी स्कूलों में सकारात्मक बदलाव के लिए पालकों, शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन समितियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। समान शिक्षा केवल शिक्षा व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश के विकास और राष्ट्र निर्माण का भी विषय है।