स्विट्जरलैंड के जेनेवा में चल रही FIDE वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का पहला गेम मंगलवार को ड्रॉ रहा। भारत के डिफेंडिंग चैंपियन डी गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को बराबरी पर रोक दिया।

शुरुआत में थोड़े दबाव में रहने के बाद गुकेश ने घड़ी में कम समय बचने के बावजूद सटीक चालें चलीं और गेम ड्रॉ करा लिया। दोनों खिलाड़ियों को 0.5-0.5 अंक मिले। अब दूसरे गेम में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे।


शुरुआत में दबाव में रहे गुकेश, बाद में संभाली स्थिति


सिंदारोव सफेद मोहरों से खेल रहे थे। शुरुआत में उनके मोहरे बेहतर स्थिति में थे, इसलिए उन्हें थोड़ी बढ़त मिली। हालांकि, गुकेश ने काले मोहरों से अच्छी चालें चलकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद दोनों खिलाड़ियों की रानियां बोर्ड से हट गईं। खेल के इस दौर में गुकेश ने कुछ अच्छी चालें चलकर अपनी स्थिति संभाल ली। सिंदारोव ने बढ़त बनाने के लिए एक प्यादा भी कुर्बान किया, लेकिन घड़ी में समय कम होने के बावजूद गुकेश ने सही चालें चलीं।

एक समय गुकेश के पास बढ़त बनाने का मौका नजर आया, लेकिन सिंदारोव ने लगातार ऐसी चालें चलीं, जिनसे बोर्ड पर स्थिति दोहराई जाने लगी। PTI के मुताबिक, ड्रॉ पर सहमति बनने से पहले एक ही स्थिति पांच बार दोहराई गई। आमतौर पर एक ही स्थिति तीन बार दोहराए जाने पर खिलाड़ी ड्रॉ का दावा कर सकते हैं।


गुकेश ने चौथी बार अपनाई यह ओपनिंग, चारों मुकाबले ड्रॉ

गुकेश ने काले मोहरों से पहला गेम ड्रॉ कराकर अच्छी शुरुआत की। PTI के मुताबिक, उन्होंने अपने करियर में अब तक चार बार इस तरीके से खेल की शुरुआत की है। खास बात यह है कि इन चारों मुकाबलों का नतीजा ड्रॉ रहा।

14 गेम होंगे, 7.5 अंक पाने वाला बनेगा चैंपियन

इस चैंपियनशिप में कुल 14 गेम खेले जाएंगे। जो खिलाड़ी सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, वह वर्ल्ड चैंपियन बनेगा। 14 गेम के बाद दोनों का स्कोर बराबर रहने पर विजेता का फैसला टाई-ब्रेक मुकाबलों से होगा। ये मुकाबले कम समय के होंगे।

हर खिलाड़ी को पहली 40 चालों के लिए 120 मिनट मिलेंगे। 41वीं चाल से हर चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय मिलेगा। खिलाड़ी आपसी सहमति से 40 चालें पूरी होने से पहले ड्रॉ नहीं कर सकते। हालांकि, एक ही स्थिति तीन बार दोहरने या स्टेलमेट होने पर गेम पहले भी ड्रॉ हो सकता है।

21 करोड़ रुपए दांव पर, हर जीत पर करीब 1.68 करोड़ मिलेंगे

इस वर्ल्ड चैंपियनशिप का कुल प्राइज फंड 25 लाख डॉलर (करीब 21 करोड़ रुपए) है। हर गेम जीतने वाले खिलाड़ी को 2 लाख डॉलर (करीब 1.68 करोड़ रुपए) मिलेंगे। बाकी राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी।

अगर मुकाबला टाई-ब्रेक तक जाता है, तो विजेता को 13 लाख डॉलर (करीब 10.9 करोड़ रुपए) और उपविजेता को 12 लाख डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपए) मिलेंगे।