लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी विरले ही मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना के कोई मौक़े छोड़ते हैं.
लेकिन कुछ मौक़ों पर उनकी टिप्पणियां ऐसी भी रही हैं जो मोदी सरकार की विदेश नीति से सहमति के क़रीब होती हैं.
राहुल ने पिछले हफ़्ते यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो में एक बातचीत के दौरान रणनीतिक हितों को देखते हुए इसराइल के साथ मज़बूत संबंधों का समर्थन किया था. उन्होंने इसके साथ ही सात अक्तूबर 2023 को इसराइल में आम नागरिकों पर हमास के हमलों और उसके बाद से ग़ज़ा में इसराइल की ओर से जारी युद्ध की निंदा की.
राहुल की इस टिप्पणी को कांग्रेस के पुराने रुख़ में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. यूक्रेन पर रूस के हमले के मामले में भी राहुल ने मोदी सरकार की नीतियों का समर्थन किया था.
इसराइल पर राहुल गांधी के हालिया बयान की उनके सहयोगी दलों ने भी आलोचना की है
यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो में प्रोफ़ेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान इसराइल पर राहुल गांधी ने जो टिप्पणियां कीं, उसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा किया.
कांग्रेस नेता ने कहा, "भारत की विदेश नीति इस बात से तय होनी चाहिए कि भारत के लिए क्या अच्छा है. मैं इसराइल के साथ मज़बूत संबंधों का समर्थन करता हूँ. हमारे रणनीतिक हित हैं, जिनमें अपने सशस्त्र बलों के लिए बेहतरीन हथियार ख़रीदना भी शामिल है."
हालांकि, राहुल गांधी ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं हो सकता कि "हम ग़ज़ा पर चुप रहें."
उन्होंने कहा, "मैं सात अक्तूबर के हमलों और निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करता हूँ. मैं ग़ज़ा में इसराइल की ओर से की गई कार्रवाई की भी निंदा करता हूँ. एक ग़लत काम दूसरे ग़लत काम को सही नहीं ठहरा सकता. भारत डेढ़ अरब लोगों का देश है. इसराइल, अमेरिका, रूस या चीन किसी भी देश को वैश्विक मंच पर अपनी उचित भूमिका निभाने से हमें नहीं रोकना चाहिए. भारत को अपने विश्वास और सिद्धांतों के अनुरूप खड़ा होना चाहिए."
राहुल गांधी की तुलना में प्रियंका और सोनिया गांधी ग़ज़ा में इसराइल की कार्रवाई के ख़िलाफ़ ज़्यादा मुखर रही हैं. दोनों इसे जनसंहार कहती रही हैं.
शनिवार को तीखी प्रतिक्रिया देते हुए केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियां "फ़लस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के स्पष्ट दोहरे रवैये को उजागर करती हैं."
विजयन की पार्टी सीपीआई(एम) केंद्र में कांग्रेस की क़रीबी सहयोगी है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "साम्राज्यवाद के समर्थन वाला उनका रुख़ नेहरू की विरासत को कमज़ोर करता है. नेहरू की विदेश नीति साम्राज्यवाद के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़ी रही और फ़लस्तीन के संघर्ष के प्रति एकजुटता का समर्थन करती थी."
इसी तरह सीपीआईएम (एल) ने भी इसराइल पर राहुल की टिप्पणी की कड़ी निंदा की.
सीपीआईएम (एल) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने एक बयान जारी कहा है, ''भारत की ऐसी कोई स्वतंत्र विदेश नीति नहीं हो सकती, जो इसराइल के साथ मज़बूत रणनीतिक संबंधों की वकालत करे. आज इसराइल एक जनसंहार करने वाला शासन है. ऐसे देश और शासन के साथ कोई रणनीतिक संबंध नहीं हो सकता, जो वैश्विक निंदा के बावजूद बच्चों, महिलाओं और आम लोगों का जनसंहार जारी रखे हुए है.''