भोपाल के रतुआ पठार गांव में अवैध शराब को लेकर कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम नजारा देखकर दंग रह गईं। यहां एक व्यक्ति ने शराब से भरे ड्रम जमीन के अंदर दबा रखे थे। इन ड्रमों को ढूंढकर बाहर निकाला और फिर शराब को बहा दिया गया।

कार्रवाई बुधवार दोपहर में हुई। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध शराब के परिवहन, बिक्री को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है

कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन और उप निरीक्षक चंदर सिंह ने रतुआ पठार और मनीखेड़ी पठार में कार्रवाई की। यहां से 30 लीटर हाथ भट्‌टी, 550 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।


ऐसे ढंका कि कोई देख न सके
जानकारी के अनुसार, गांव में अवैध शराब जमीन के अंदर इस तरह से ढांकी गई कि कोई देख न सके। इसलिए टीम को शराब ढूंढने में मशक्कत करना पड़ी।

सागर-देवास मामलों के बाद अलर्ट मोड पर अफसर
सागर और देवास में शराब पीने के बाद हुए मामलों से आबकारी विभाग पूरे प्रदेश में अलर्ट मोड में है। भोपाल समेत अन्य जगहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।