कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी पुलिस चौकी ने 50 किलो गांजा और बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, गांजे और कार की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपए है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा लेकर उमरिया से जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर उनके मार्गदर्शन में 2 टीमें बनाईं। टीमों ने कार का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और जीएसटी कार्यालय के पास से उसे बढ़ागांव रोड की ओर मोड़ दिया।

कार में मिले 1-1 किलो के 50 पैकेट

बढ़ागांव रोड पर फॉरेस्ट स्मृति वन के सामने चालक ने कार रोक दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।

इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। उसमें गांजे के 50 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट का वजन 1 किलो था। पुलिस ने कुल 50 किलो गांजा जब्त किया।

अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।