असम के कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) के इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 50 पैसेंजर घायल हुए हैं। हालांकि रेलवे ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, हादसा डिगारू स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी लाइन पर लेने के दौरान हुआ। लोको पायलट दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए स्पीड कम नहीं कर सका। इससे ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई और इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतर गए।
45 सेकेंड के वीडियो में ट्रेन के लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। इसमें कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और इंजन के उपकरण दिख रहो हैं। लोको पायलट की आवाज सुनाई दे रही है। इसमें वो कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं हो रहा। सिग्नल फेल है। इमरजेंसी लगा हुआ है, काम नहीं कर रहा है। एस9 ए9 कुछ भी काम नहीं कर रहा है।
रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे के बाद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था कर दी गई है।
असम में ट्रेन हादसे से जुड़ी पिछली 2 खबरें…
29 अक्टूबर: असम में पैसेंजर ट्रेन के इंजन की ट्रॉली पटरी से उतरी
असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड में सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8:50 बजे बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच हुई थी। हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं है।
20 दिसंबर 2025: असम में राजधानी एक्सप्रेस के 5 डिब्बे-इंजन पटरी से उतरे, ट्रेन से टकारने पर 7 हाथियों की मौत
असम के होजाई जिले में हाथियों का एक झुंड सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया था। हादसे में सात हाथियों की मौत हो गई थी और एक हाथी का बच्चा घायल हुआ था। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच कोच भी पटरी से उतर गए थे।