मॉस्को: रूस को अपग्रेड किए गए Su-57 फेलोन लड़ाकू विमानों का एक नया बैच मिला है। यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (UAC) ने रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज को पांचवीं पीढ़ी के Su-57 मल्टीरोल लड़ाकू विमानों का ये बैच सौंपा है। रूसी फोर्स को ये विमान ऐसे समय मिले हैं, जब यूक्रेन के साथ उसके युद्ध को चलते हुए पांच साल से ज्यादा का समय हो गया है। नए Su-57 फेलोन जेट मिलने से जंग के मैदान में रूस को फायदा मिल सकता है। यह भारत के लिए भी अच्छी खबर है। Su-57 उन विमानों में शामिल है, जिनको भारत खरीदने के लिहाज से देख रहा है। हालांकि अभी तक खरीद पर आखिरी फैसला नहीं हुआ है।
रोस्टेक (सरकारी रक्षा समूह) ने बताया है कि नए सौंपे गए Su-57 विमानों में अपग्रेडेड एवियोनिक्स और हथियार प्रणालियां हैं। इनमें रूस के कुछ सबसे उन्नत हथियारों को तैनात करने की क्षमता भी शामिल है। Su-57 रूसी ऑपरेशनल-टैक्टिकल एविएशन बेड़े का प्रमुख विमान है। यह स्टील्थ क्रूज मिसाइलों सहित सबसे उन्नत हथियारों को ले जा सकता है।

कितने Su-57 विमान सौंपे गए

यूरेशियन टाइम्स के मुताबिक, रोस्टेक ने सौंपे गए विमानों की सटीक संख्या नहीं बताई है। फरवरी और सितंबर की डिलीवरी के बाद यह इस साल में रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज (VKS) को सौंपे गए Su-57 विमानों का तीसरा बैच है। रोस्टेक ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशनल जरूरतों को पूरा करने के लिए विमानों का तेजी से उत्पादन किया जा रहा है।
Su-57 विमानों का वार्षिक उत्पादन दूसरे देशों के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान कार्यक्रमों की तुलना में पिछड़ा हुआ है। हालांकि केवल कुल संख्या से अधिक महत्वपूर्ण बात Su-57 का लगातार आधुनिकीकरण (मॉडर्नाइजेशन) है। इन विमानों को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। नए विमानों में आधुनिक ऑनबोर्ड सिस्टम और हथियार लगे हैं, जो इनकी ताकत बहुत बढ़ा देते हैं।


सैनिकों के बीच Su-57 की भारी मांग है, इसलिए हमारे विमान निर्माता उत्पादन की गति कम नहीं कर रहे हैं और विमानों के नए बैच पहले से ही बनाए जा रहे हैं।

रोस्टेक

Su-57 में लगातार अपग्रेड

साल 2019 में पहली बार सेवा में शामिल होने के बाद से रूस लगातार Su-57 को अपग्रेड कर रहा है। रोस्टेक के ताजा बयान में बताया गया है कि अपग्रेड किए गए Su-57 में आधुनिक ऑनबोर्ड सिस्टम लगे हैं। ये स्टील्थ क्रूज मिसाइलों सहित कई उन्नत हथियारों का इस्तेमाल कर सकते हैं। नए तकनीकी कॉन्फिगरेशन से इन विमानों के जरिए किए जा सकने वाले मिशनों का दायरा बढ़ा है।

पांचवीं पीढ़ी के मल्टीरोल फाइटर के रूप में डिजाइन किया गया Su-57 एयर सुपीरियरिटी (हवाई वर्चस्व), इंटरसेप्शन और सटीक हमले (प्रिसिजन-स्ट्राइक) अंजाम देता है। यह हवा से हवा और हवा से जमीन पर मार करने वाले सटीक हथियार ले जाने में सक्षम है। लंबी दूरी तक सटीक मार करने वाले हथियार और मिसाइलों को विमान के अंदर (इंटरनली) ले जाने की क्षमता इसकी विशेषता है।

  • Su-57 रूस का पांचवीं पीढ़ी का एक एडवांस्ड मल्टीरोल स्टील्थ फाइटर जेट है।

  • इस विमान को रडार की पकड़ से काफी हद तक बचने के लिए डिजाइन किया गया है।

  • Su-57 बिना आफ्टरबर्नर सुपरसोनिक (ध्वनि की गति से तेज) रफ्तार से उड़ान भर सकता है।

  • यह विमान मॉडर्न RVV-SDM गाइडेड (मध्यम दूरी की एयर-टू-एयर) मिसाइल ले जा सकता है।

  • Su-57 हाइपरसोनिक R-37M (लंबी दूरी तक मार करने वाली एयर-टू-एयर मिसाइल) ले जा सकता है।

  • Su-57 फाइटर जेट को रूस 'स्टेल्थ' ड्रोन को लॉन्च करने वाले एक प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित कर रहा है।


भारत का क्या है कनेक्शन

भारत की एयरफोर्स बीते काफी समय से लड़ाकू विमानों की कमी से जूझ रही है। चीन और पाकिस्तान की चुनौती को देखते हुए इंडियन एयरफोर्स पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान अपने बेड़े में चाहती है। भारत की नजर जिन लड़ाकू विमानों पर है, उनमें Su-57 एक प्रमुख नाम है। रूसी विमानों को भारतीय वायुसेना दशकों से चला रही है।

रूस ने कुछ समय पहले भारत में 100 Su-57 स्टेल्थ फाइटर जेट के संयुक्त उत्पादन का ऑफर दिया। साथ ही रूस ने जेट के टेक्नोलॉजी ट्रांसफर का भी वादा किया है। यानी यह भारत के फ्रांस या किसी दूसरे देश से जेट खरीदने के मुकाबले में काफी अलग होगा क्योंकि उसे तकनीक भी मिलेगी। अब रूस ने इसे अपग्रेड भी कर दिया है।